अल्मोड़ा-हाल ही में आये पीसीएस परीक्षा के परिणाम में नगर के जाखनदेवी निवासी वैभव काण्डपाल का एसडीएम पद पर चयन हुआ था।आज अपने गृह क्षेत्र अल्मोड़ा पहुंचने पर उनके निवास स्थान जाखनदेवी में उनका भव्य स्वागत हुआ। विदित हो कि वैभव ने हाई स्कूल की परीक्षा 2011 में उत्तीर्ण की थी तथा मेरिट लिस्ट में वे 8 वें स्थान पर थे।इंटर की परीक्षा उन्होंने 2013 में उत्तीर्ण की थी तथा मेरिट लिस्ट में उनका दूसरा स्थान था।2017 में उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से बी टेक किया तथा तत्पश्चात टीसीएस में कार्य किया।हाल में अधिशासी अधिकारी की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।वर्तमान में वे एटीआई नैनीताल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।उनकी विद्यालयी शिक्षा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लोहाघाट से हुई।वैभव की माता लीला काण्डपाल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहाघाट में संस्कृत प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं तथा पिता राजेन्द्र काण्डपाल कुमाऊँ मंडल विकास निगम नैनीताल से सेवानिवृत्त हैं।उनके भाई विनीत काण्डपाल पी एच डी कर रहे हैं।उनकी इस सफलता पर निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी सहित नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।वैभव की इस उपलब्धि पर उनके मामा पंकज काण्डपाल ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए वैभव को शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि वैभव बचपन से ही पढ़ाई में काफी मेहनती और लगनशील था।
