अल्मोड़ा- उत्तराखंड में निजी स्कूल बसों के किराए में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि यह फैसला आम जनता, विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर सीधा आर्थिक बोझ डालने वाला है।उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह बढ़ोतरी किसी आर्थिक डाके से कम नहीं है। स्कूल फीस, किताबों और अन्य खर्चों से जूझ रहे अभिभावकों के लिए अब परिवहन शुल्क में इजाफा एक नई चिंता बनकर सामने आया है।भोज ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह निजी स्कूल संचालकों के दबाव में काम कर रही है। शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मनमानी फीस और अब बस किराए में वृद्धि को रोकने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व था कि वह अभिभावकों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाती, लेकिन इसके विपरीत लिया गया यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है। कांग्रेस पार्टी इस बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करती है और इसे तत्काल वापस लेने की मांग करती है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि निजी स्कूल बसों के बढ़ाए गए किराए को तुरंत वापस लिया जाए,निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर सख्त नियंत्रण लगाया जा एवं अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाई जाए।भूपेंद्र सिंह भोज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अभिभावकों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी और किसी भी प्रकार के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






