अल्मोड़ा-उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह असफल साबित हुआ है।उन्होंने कहा कि बजट में महंगाई,बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी रोजगार के लिए दर-दर भटक रही है लेकिन सरकार के बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई स्पष्ट योजना दिखाई नहीं देती। इसी प्रकार किसानों,मजदूरों और छोटे व्यापारियों के लिए भी बजट में राहत देने वाले कदमों का अभाव है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाओं का बजट पेश कर रही है जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति निराशाजनक है।पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन को रोकने के लिए भी बजट में कोई ठोस नीति नहीं लाई गई है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार को जनहित में ठोस कदम उठाने के लिए मजबूर करेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कथनी और करनी के अंतर को समझ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *