अल्मोड़ा-सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक सार्वजनिक अवकाश के दिन ओपीडी नहीं करेंगे। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने शिवरात्रि के अवकाश को देखते हुए कल ओपीडी ड्यूटी न करने का एलान किया है।अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं यथावत चलती रहेंगी। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डा. मनोज वर्मा व प्रांतीय महासचिव डा. रमेश कुंवर ने कहा कि कल ओपीडी पूर्णत: बंद रहेगी। इमरजेंसी, पोस्टमार्टम ड्यूटी आदि चिकित्सक पूर्व की ही भांति करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सालयों में राजकीय अवकाश के दिन हाफ डे रखा जाता है। यह व्यवस्था कब और क्यों शुरू हुई इसका कुछ पता नहीं है। न इससे संबंधित कोई शासनादेश ही है। ऐसे में संघ ने यह निर्णय लिया है कि सार्वजनिक अवकाश के दिन चिकित्सक ओपीडी ड्यूटी नहीं करेंगे।
