अल्मोड़ा- सन्त निरंकारी मिशन ब्रांच अल्मोड़ा के सेवादल सदस्यों और साधसंगत ने रविवार को निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की स्मृति में ‘आओ संवारे, कोसी किनारे’ संदेश के साथ कोसी नदी और कोसी बाजार के आस-पास वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, जल जनित रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जन समुदाय को जागरूक करना था। सन्त निरंकारी मिशन ने वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाना भी है। मिशन के अल्मोड़ा संयोजक ने बताया कि मिशन के लगभग 10 लाख समर्पित स्वयंसेवकों ने जनसहयोग के साथ इस अभियान के पहले और दूसरे चरण में भारत के विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में 1600 से अधिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। उत्तराखंड के 28 शहरों और स्थानों में नदियों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई कर इस अभियान ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की। इस अभियान में निरंकारी मिशन के 150 सेवादारों के साथ व्यापार मंडल कोसी के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधान, ग्राम सभा कोसी और स्थानीय जन समुदाय ने भी सक्रिय रूप से भागीदारी की। यह कार्यक्रम सन्त निरंकारी मिशन ब्रांच अल्मोड़ा के संयोजक एस. रैकूनी की अध्यक्षता और राम प्रकाश निरंकारी, सेवादल संचालक के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *