अल्मोड़ा-शहीद नर सिंह धानक की 127वीं जयंती उनके पैतृक गांव चौकुना में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नर सिंह धानक स्मृति भवन सभागार में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शहीद नर सिंह धानक के जीवन और उनके बलिदान को याद किया।उन्होंने बताया कि ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े नर सिंह धानक बचपन से ही आजादी के आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी और देश के स्वतंत्रता संग्राम में अमर हो गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा ने शहीद नर सिंह धानक के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि देश की आजादी के लिए नर सिंह धानक जैसे अनेक देशभक्तों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है।उन्हीं के त्याग और समर्पण के कारण हम आज स्वतंत्र भारत में खुले आसमान के नीचे सांस ले पा रहे हैं और ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर पा रहे हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कार्यक्रम को और भी भव्य बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी से इस आयोजन को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों के साथ ही कुमाऊंनी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा विक्रम बगड़वाल,ब्लॉक प्रमुख धौलादेवी नरेंद्र सिंह बिष्ट, कुंदन सिंह नगरकोटी,ग्राम प्रधान सुनीता देवी,पूर्व प्रधान कुंदन बिष्ट आदि उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन त्रिलोक सिंह धानक ने किया तथा अध्यक्षता भवान सिंह ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *