अल्मोड़ा-रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा अल्मोड़ा द्वारा जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में नगर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम द्वारा बनाई जा रही नई पार्किंग का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सीएनडीएस द्वारा लगभग दो महीने से कार्य बंद कर दिए जाने से आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। संस्था ने इस कार्य को जल्द पूर्ण कराने की मांग की है।इसके अलावा लक्ष्मेश्वर बाई पास के पास बख्शी खोला एवं एचडीएफसी बैंक के पास बने कलमठ की स्थिति सुधारने, नई पार्किंग स्थल में रेडक्रॉस कार्यालय स्थापित करने तथा एल.आर. साह रोड पर नालियों के ऊपर लगाए गए ग्रिल के कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग की गई है।ज्ञापन में उदयशंकर नाट्य अकादमी के पास सुरक्षा के दृष्टिगत बनाए गए रेलिंग कार्य के लिए जिला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया।साथ ही शिखर होटल से नंदा देवी मंदिर तक साइन बोर्ड लगाने की मांग उठाई गई,ताकि पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर आम जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े हैं,इसलिए प्रशासन को इन पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालो में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, रेडक्रॉस प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल,पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ जे सी दुर्गापाल,यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू,यूथ रेडक्रॉस उपाध्यक्ष अर्जुन बिष्ट, चीमा यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी, हरीश कनवाल, अनूप साह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *