अल्मोड़ा-सैलाखोला वार्ड में कालिका मंदिर सहित अन्य गलियों में कुछ स्थानों पर विगत कई वर्षों से कट्टों में कूड़े का ढेर लगा हुआ था जो गन्दगी का कारण तो बन ही रहा था साथ ही लोगों को आवागमन में भी काफी दिक्कतें हो रही थी।

पार्षद वन्दना वर्मा ने विगत दिनों वार्ड भ्रमण के दौरान ऐसे गन्दगी वाले स्थानों को चयनित किया था।कल रविवार के दिन उनके द्वारा नगर निगम के कर्मचारियों को मौके पर बुलवाकर गलियों से वर्षों पुरानी इस गन्दगी को हटवाया गया जिससे स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली। विदित हो कि पार्षद वन्दना वर्मा चरणबद्ध तरीके से सैलाखोला वार्ड का भ्रमण कर रही हैं तथा वार्डवासियों से बात करके समस्याओं को चिन्हित कर रही है।

चिन्हीकरण के बाद अविलम्ब उनके द्वारा नगर निगम कर्मचारियों के साथ समास्याओं का समाधान किया जा रहा है।पिछले दिनों भी उनके द्वारा वार्ड के अलग अलग हिस्सों में बंद नालियों को खुलवाने,पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरूस्त करने एवं सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए नगर निगम की टीम के साथ स्वयं धरातल पर उतरकर कार्य किया गया था।

पार्षद वन्दना वर्मा का कहना है कि उनका एकमात्र उद्देश्य सैलाखोला वार्ड को एक आदर्श वार्ड बनाना है जिसके लिए वे चरणबद्ध तरीके से सुनियोजित योजना बनाकर कार्य कर रही हैं।इसके साथ ही उन्होंने वार्डवासियों से निवेदन भी किया कि कूड़े का सही तरीके से निस्तारण करें जिससे कि वार्ड को स्वच्छ एवं सुन्दर रखने में सहयोग किया जा सके।इस दौरान उनके साथ नगर निगम अल्मोड़ा के अमीन बसन्त बल्लभ पांडे एवं संजय कुमार भी मौजूद रहे।
