अल्मोड़ा-जिला बार एशोसिएशन के पूर्व उपसचिव एडवोकेट कवीन्द्र पन्त ने आज प्रैस को जारी बयान में कहा कि शहर के पाश इलाके की सड़क रानीधारा रोड लंबे समय से बदहाल स्थिति में है।सांई बाबा कालोनी (एडम्स स्कूल) से धार की तूनी को जोड़ने वाली लगभग डेढ़ किमी लंबी यह सड़क जर्जर हालत में है।वर्तमान में इस सड़क की हालत ऐसी है कि जहां इसमें वाहन चालकों को तमाम मुश्किल का सामना करना पड़ता है वहीं पैदल चलने लायक भी यह मार्ग नहीं रह गया है।उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में 2015-16 में इस सड़क में डामरीकरण हुआ था जिसके बाद इस सड़क को कभी दूरसंचार कंपनियों द्वारा तो कभी पेयजल लाइन बिछाने के लिए खोदा गया और ऐसे ही छोड़ दिया गया। जिसके बाद फिर इस सड़क का सुधारीकरण व रखरखाव नहीं किया गया।उन्होंने बताया कि अभी कुछ महीने पहले इस सड़क के किनारे पर सीमेंट की पट्टी गड्ढे पाटने के लिए की गई लेकिन एक बारिश में वह सीमेंट की पट्टी भी उखड़ गई।इस सड़क के दोनों तरफ ऊपर नीचे अलग-अलग वार्ड पड़ते हैं सड़क से ऊपर की ओर एन टी डी वार्ड व नीचे की तरफ लक्ष्मेश्वर वार्ड है।एक किस्म से यह सड़क दो वार्ड की विभाजक रेखा है और साईं बाबा कालोनी,रानीधारा, पनिऊडियार,धारकी तूनी आदि अनेक मोहल्ले इस सड़क के किनारे पर स्थित है।जिनमें रहने वाले लोगों को इस तरह से तमाम मुश्किल का सामना सड़क के खराब होने से करना पड़ रहा है,जिससे लोगों में रोष व्याप्त है और लंबे समय से लोग इसे ठीक करने की मांग प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से करते रहे हैं।उनका यह भी कहना है कि सड़क बनने के बाद इसमें खुदाई कार्य करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा के पूर्व उपसचिव एडवोकेट कवीन्द्र पन्त ने कहा कि वह अपने स्तर पर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से इसकेे सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए अनुरोध कर चुके हैं और मीडिया में भी इस विषय मेंं अनेकों बार आ चुका है लेकिन अभी तक भी कुछ नहीं हुआ है।उन्होंने अविलंब इस सड़क में डामरीकरण कराने की मांग की है।
