अल्मोड़ा-उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभाग के शोधार्थी डॉ रजनीश कुमार जोशी का चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) बेंगलुरु में योग विषय के सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ है।इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार तथा योग विज्ञान विभाग में हर्ष,उत्साह और आत्मगौरव का वातावरण व्याप्त है।यह सफलता योग विज्ञान विभाग की निरंतर शोधपरक प्रतिबद्धता,अनुशासित शैक्षणिक परंपरा तथा सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल मानी जा रही है।विभाग ने सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, व्यवहारिक प्रशिक्षण और मूल्यनिष्ठ मार्गदर्शन को प्राथमिकता प्रदान की है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहे हैं।अपनी नियुक्ति पर डॉ रजनीश कुमार जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय सर्वप्रथम योग विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं अपने सह-शोध निदेशक डॉ नवीन चंद्र भट्ट को दिया।उन्होंने कहा कि डॉ भट्ट के मार्गदर्शन, अनुशासन और दूरदर्शी शैक्षणिक दृष्टिकोण ने उनकी योग-यात्रा को सुदृढ़ दिशा प्रदान की।इसके पश्चात उन्होंने अपनी शोध-निदेशिका प्रो मधुलता नयाल के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विद्वत्तापूर्ण निर्देशन,सूक्ष्म मार्गदर्शन और सतत प्रेरणा ने शोध कार्य को सशक्त आधार प्रदान किया।डॉ जोशी ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद,त्याग और संस्कारों को अपनी सफलता का मूल आधार बताया।उन्होंने विभाग के आदरणीय प्राध्यापकों लल्लन सिंह,डॉ. गिरीश अधिकारी, हेमलता अवस्थी सहित योग एवं मनोविज्ञान विभाग के सभी शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि इन सभी गुरुजनों के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने उनकी शैक्षणिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।साथ ही उन्होंने अपनी धर्मपत्नी डॉ. पूजा पाण्डे जोशी,अपने सम्बन्धियों,मित्रों तथा समस्त शुभचिंतकों के सहयोग,विश्वास और प्रेरणा को भी इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।डॉ रजनीश जोशी मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद के सुनाड़ी (जैंती) ग्राम के निवासी हैं।उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम के ही सरस्वती शिशु मंदिर, पावनेश्वर बाल विद्या मंदिर तथा सर्वोदय इंटर कॉलेज जैंती से संपन्न हुई।उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक जुड़े सभी शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व और शैक्षणिक विकास को दिशा प्रदान की।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सतपाल सिंह बिष्ट,कुलसचिव डॉ देवेंद्र बिष्ट,शोध निदेशक प्रो जगत सिंह बिष्ट,पूर्व कुलपति प्रो एन एस भंडारी सहित समस्त संकाय सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ जोशी को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।यह उपलब्धि न केवल डॉ रजनीश जोशी की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के योग विज्ञान विभाग की राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ होती पहचान का भी सशक्त प्रमाण है।यह समाचार प्रदेश के युवाओं और शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *