अल्मोड़ा-भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी ने नगर निगम क्षेत्रों में वाटर मीटर लगाने के निर्णय का स्वागत किया है।राजीव गुरुरानी ने प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रमुख सचिव आनंद वर्धन द्वारा जल संस्थान के महाप्रबंधक को समस्त नगर निगम क्षेत्रों में वाटर सप्लाई मीटर लगाने के दिए गए निर्देशों का स्वागत किया है।उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अब तक हाउस असेसमेंट के आधार पर जल मूल्य के मानक तीन स्लैब में निर्धारित किए गए थे जो व्यवहारिक नहीं थे।इस व्यवस्था से आम जनता काफी आहत थी और कई स्थानों पर मीटर आधारित जल आपूर्ति की मांग को लेकर आंदोलन भी हुए थे।राजीव गुरुरानी ने कहा कि एक घर में रहने वाले दो लोगों और दूसरे घर में रहने वाले दस लोगों से समान जल मूल्य लिया जाना न्यायसंगत नहीं था।मीटर आधारित प्रणाली लागू होने से जितना उपयोग,उतना भुगतान का सिद्धांत लागू होगा जिससे पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित होगी।उन्होंने प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम जनहित में है और उत्तराखंड की जनता इस फैसले का समर्थन करती है। साथ ही उन्होंने जल संस्थान के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर प्रतिवर्ष जल मूल्य में की जाने वाली 12 प्रतिशत वृद्धि को समाप्त करने का भी आग्रह किया है।उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्रातिशीघ्र नगर निगम क्षेत्रों में वाटर सप्लाई मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और जल प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।
