

अल्मोड़ा-लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड कार्यालय के घेराव प्रकरण को लेकर विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है। कर्मचारियों ने इस मामले में जिला अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए घटना की जांच और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि 18 जून को कुछ जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, अल्मोड़ा के कार्यालय परिसर में पहुंचे। उस समय अधिशासी अभियंता अपने कार्यालय कक्ष में मौजूद नहीं थे और विभागीय कार्य से अधीक्षण अभियंता कार्यालय में थे। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में संबंधित लोग बिना अनुमति उनके कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गए। बाद में जब अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय कक्ष के भीतर उनके खिलाफ नारेबाजी की जा रही थी। ज्ञापन के अनुसार संबंधित लोगों का विषय माल रोड के डामरीकरण कार्य से जुड़ा था, जिस पर विभागीय प्रक्रिया चल रही है। अधिशासी अभियंता ने उन्हें मामले की वास्तविक स्थिति और प्रक्रिया की जानकारी भी दी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा अमर्यादित व्यवहार किया गया, नारेबाजी की गई, टेबल पर हाथ मारा गया तथा अधिशासी अभियंता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। कर्मचारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों द्वारा कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर इस प्रकार का व्यवहार करना शासकीय कार्यालय की गरिमा और लोक सेवकों के सम्मान के विपरीत है। कर्मचारियों ने कहा कि इस घटना से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है तथा शासकीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने, आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
