अल्मोड़ा -जंगलों की आग रोकने को वन विभाग पूरी तरह सतर्क है।गर्मी के मौसम को देखते हुए जंगलों में आग की घटनाओं की आशंका के बीच वन विभाग अल्मोड़ा सतर्क हो गया है। प्रभागीय वनाधिकारी अल्मोड़ा दीपक सिंह ने कहा कि जंगलों की आग से निपटने के लिए विभाग ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं।उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।वन कर्मियों की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं तथा फायर लाइन (अग्नि रेखा) का निर्माण एवं सफाई कार्य भी समय से पूरा किया गया है।डीएफओ दीपक सिंह ने कहा कि वनाग्नि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है।प्रत्येक रेंज में कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों और वन पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। आग की घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों से जंगलों में जलती वस्तु न फेंकने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।प्रभागीय वनाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही या जानबूझकर आग लगाने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जंगल हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनकी सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। डी एफ ओ दीपक सिंह ने आम जनता से अपील की है कि जंगलों में आग दिखने पर तुरंत वन विभाग या नजदीकी रेंज कार्यालय को सूचना दें।समय पर मिली सूचना से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।उन्होंने विश्वास जताया कि विभागीय सतर्कता और जनसहयोग से इस वर्ष वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *