अल्मोड़ा-नगर निगम चुनाव को लेकर अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। जैसे जैसे नगर निकाय चुनाव से सम्बंधित खबरें आ रही हैं प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें तेज़ होती जा रही हैं। बहरहाल फिलहाल चुनाव की गेंद सरकार के पाले में है और पार्टियों के संभावित प्रत्याशी तथा निर्दलीय प्रत्याशी अपना दमखम दिखने की जुगत में लगे हैं। अल्मोड़ा नगर की बात करें तो यहाँ पहले पालिका हुई करती थी जिसे अब सरकार ने नगर निगम बना दिया है। निगम बनने के साथ ही यहाँ वार्डों की संख्या 1 अनुपात 3 तो किसी वार्ड में 1 अनुपात 4 में विभाजित हो गए। अब बारी आती है मेयर पद की जो निगम बनने के साथ ही सृजित हुआ। अब जहाँ नगर निकाय के चुनावों की बात हो रही है तो अल्मोड़ा नगर में इन दिनों दीवारों पर दिख रहे पोस्टरों की बात करते हैं। यहाँ आजकल दीपावली नववर्ष आदि शुभकामना सन्देश से भरे पोस्टर फ्लेक्स लगे दिख रहे हैं। वैसे पिछली दिवाली की बात करें तो ऐसे पोस्टर नहीं दिखते थे। नगर क्षेत्र में लगे शुभकामनाओं के पोस्टर स्पष्ट कर रहे हैं कि नगर निगम मेयर पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों ने जनता के बीच में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी नगर निकाय चुनाव पर स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन निकाय चुनावों में अब बहुत वक्त भी नहीं है। ऐसे में सम्भावित प्रत्याशी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। पहली बार नगर निगम बने अल्मोड़ा के मेयर पद की सीट राजनैतिक पार्टियों के लिए भी प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुकी है। राजनैतिक पार्टियों चाहे भाजपा हो या कांग्रेस दोनों के लिए अल्मोड़ा में मेयर पद की सीट जीतना खासा चुनौती भरा है। हालांकि दोनों पार्टियों से दर्जन भर उम्मीदवारों के नाम सामने आ रहे हैं लेकिन दोनों ही पार्टियां किसे अपना चेहरा बनाती है ये भविष्य के गर्त में है। इसके अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी मेयर पद के लिए ताल ठोक रहे हैं। हालांकि आरक्षण के बाद ही काफी हद तक स्थितियां स्पष्ट होंगी। बार हाल पोस्टरों के माध्यम से नगर निगम की जनता को शुभकामनाएं देकर सम्भावित प्रत्याशी जनता के बीच में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
