अल्मोड़ा-विगत समय से नगर के सेलाखोला वार्ड में रात्रि में तेंदुवे की आवाजाही देखने को मिल रही थी। सी सी टी वी कैमरे के फुटेज में चौहानबाटा से ऊपर जाने वाले पैदल मार्ग में तेंदुवा देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेलाखोला वार्ड की पार्षद वंदना वर्मा ने वन विभाग के रेंजर से बात कर वार्ड में गश्त के साथ ट्रैकिंग कैमरे लगाने के सम्बन्ध में वार्ता की। आज शाम वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पार्षद वंदना वर्मा के साथ वन विभाग की टीम ने वार्ड में गश्त की। इसके बाद संवेदनशील स्थान पर ट्रैकिंग कैमरा भी लगाया गया। पार्षद वंदना वर्मा ने कहा कि रात्रि में मार्गो पर तेंदुवे का आना लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग कैमरे में तेंदुवे की हलचल पर नजर रखी जाएगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो आवश्यकतानुसार प्रभागीय वनाधिकारी से बात कर पिंजड़ा लगाने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील भी की है कि रात्रि में अनावश्यक बाहर ना निकले और यदि निकलना पड़ रहा है तो अकेले कदापि ना जाएं। उन्होंने कहा कि रात्रि में बेहद आवश्यक हो तो केवल उन रास्तों का प्रयोग करे जो खुले हो और पर्याप्त रोशनी वाले हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *