अल्मोड़ा-नगर के मध्य महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद पर नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग 25 वर्षों तक नगर पालिका अध्यक्ष पद पर काबिज रहे और जिनके दल का विधायक लगभग 15 वर्षों तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता रहा, वे आज सवाल उठाने से पहले अपनी जवाबदेही तय करें।विनीत बिष्ट ने कहा एक ओर 25 वर्षों तक नगर पालिका पर विपक्ष का नियंत्रण रहा,दूसरी ओर 15 वर्षों तक विधायक पद भी उनके पास रहा।अधिकार, बजट और प्रशासनिक शक्ति सब कुछ होने के बावजूद यदि नगर के मध्य महिलाओं के लिए स्थायी शौचालय की व्यवस्था नहीं हो सकी तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?आज वही लोग एक वायरल वीडियो के सहारे राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होंने वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर कहा कि एक महिला का वीडियो प्रसारित कर पूरे अल्मोड़ा की छवि को धूमिल करना निंदनीय है।यह केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया गया प्रयास प्रतीत होता है। इससे पर्यटन सीजन प्रभावित हो सकता है और स्थानीय व्यापारियों,होटल व्यवसायियों तथा युवाओं की आजीविका पर सीधा असर पड़ता है।अल्मोड़ा की प्रतिष्ठा किसी की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का साधन नहीं बन सकती।नगर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान नगर निगम और मेयर अजय वर्मा के नेतृत्व में बीते वर्षों में कई ठोस विकास कार्य हुए हैं।उन्होंने कहा विगत वर्षों में नगर के विभिन्न स्थानों पर हाईटेक शौचालयों का निर्माण किया गया है।स्वच्छता,सड़क सुधार,प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत ढांचे पर निरंतर कार्य हो रहा है।विकास की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।एक-दो स्थानों की कमी को आधार बनाकर पूरे कार्यकाल पर प्रश्न उठाना न्यायसंगत नहीं है।मेयर अजय वर्मा की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम ने सीमित संसाधनों के बावजूद प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए हैं।जहां-जहां आवश्यकता चिन्हित हुई है वहां सुविधाओं का विस्तार किया गया है।नगर के मध्य महिलाओं के लिए आधुनिक शौचालय निर्माण की प्रक्रिया भी प्राथमिकता में है और शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाएगा।विनीत बिष्ट ने कहा कि यदि पूर्व में 25 वर्षों के कार्यकाल के दौरान दूरदर्शी योजना बनाकर स्थायी ढांचा विकसित किया गया होता,तो आज इस विषय पर विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।उन्होंने कहा हम जिम्मेदारी से भागने वाले नहीं हैं। जहां कमी है,उसे स्वीकार कर सुधार करना ही हमारा लक्ष्य है।लेकिन जो लोग वर्षों तक सत्ता में रहे और बुनियादी सुविधाएं नहीं दे पाए वे अब जनता को भ्रमित करने का प्रयास न करें।अंत में उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता समझदार है और विकास कार्यों को देख रही है।मेयर अजय वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम निरंतर विकास कार्य कर रहा है।हम महिलाओं की गरिमा और नगर की प्रतिष्ठा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। राजनीति से ऊपर उठकर समाधान पर काम करना ही हमारा संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *