अल्मोड़ा-अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी द्वारा की गई प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि निराधार और तथ्यहीन आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। आज प्रदेश की जनता भावनात्मक भाषणों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिख रहे विकास कार्यों से प्रभावित होती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 28,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान की हैं। इसके साथ ही स्वरोजगार योजनाएं, स्टार्टअप नीति, होमस्टे योजना, कृषि एवं स्वरोजगार अनुदान कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। लखपति दीदी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।नगर अध्यक्ष ने कहा कि विधायक को सरकार पर प्रश्न उठाने से पूर्व अपने 15 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखना चाहिए। यदि इतने लंबे समय में क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य हुआ है, तो उसकी तथ्यात्मक सूची प्रस्तुत की जाए। केवल अपनी ही पूर्व सरकारों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना और मीडिया में बयान देना जनसेवा का प्रमाण नहीं हो सकता।उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य,शिक्षा एवं सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में वर्तमान सरकार ने रिकॉर्ड बजट स्वीकृत कर कार्यों को गति दी है।पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति,सड़कों के पुनर्निर्माण एवं विद्यालयों के आधुनिकीकरण के कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।अंत में भाजपा नगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ,सबका विकास,सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। विपक्ष यदि रचनात्मक सुझाव देगा तो उसका स्वागत है,किंतु निराधार आरोपों से प्रदेश की जागरूक जनता भ्रमित होने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *