अल्मोड़ा-राजस्व उपनिरीक्षक/ पटवारी संघ के अध्यक्ष आशुतोष लोहनी ने प्रैस को जारी बयान में कहा कि विधायक सल्ट महेश जीना ने जो बयान सार्वजनिक मंच से राजकीय कर्मचारियों के विपरीत विशेषकर राजस्व उपनिरीक्षकों के विरुद्ध दिया गया है वह निंदनीय है,जिसकी जिला संगठन की ओर से हम कठोर निंदा करते हैं।ऐसे गैर मर्यादित बयानों से ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।हम सरकार से मांग करते हैं कि ऐसे गलत बयानी करने वाले माननीयों पर लगाम लगाई जाए जिससे ईमानदारी से काम करने वाले लोगों पर किसी भी प्रकार का कोई प्रश्नचिन्ह खड़ा ना हो सके।यदि विधायक के पास किसी कर्मचारी के विपरीत कोई साक्ष्य मौजूद हैं तो वह उन्हें उच्चाधिकारियों को जांच एवं कार्यवाही हेतु भेज सकते हैं। सार्वजनिक मंच से प्रत्येक कर्मचारी के विपरीत इस प्रकार की टिप्पणी स्वीकार योग्य नहीं है।उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष व फैडरेशन कुमाऊं मंडल के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पाठक व अध्यक्ष फैडरेशन अल्मोडा पुष्कर सिंह भैसोड़ा द्वारा भी कहा गया कि कार्मिकों का सार्वजनिक मंच से किया जा रहा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जायेगा कि भविष्य में इस तरह की बयानबाजी जनप्रतिनिधियों द्वारा न की जाए।अगर यही स्थिति रही तो सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप्प कर दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार व संबंधित जनप्रतिनिधि की होगी।
