अल्मोड़ा-कुमाऊनी लोकगीतों के सुप्रसिद्ध गायक और संस्कृति प्रेमी दीवान कनवाल ‘दीवान दा’ का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह करीब 67 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से अल्मोड़ा सहित पूरे प्रदेश के सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यालय के खत्याड़ी गांव निवासी दीवान कनवाल पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था और हाल ही में उनका ऑपरेशन भी हुआ था। उपचार के बाद वह कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटे थे, लेकिन बुधवार सुबह अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। दीवान कनवाल अपने पीछे वृद्ध माता, दो विवाहित पुत्रों और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर बाद बेतालेश्वर घाट में किया गया, जहां उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। दीवान कनवाल कुमाऊनी लोकसंगीत की दुनिया का जाना-पहचाना नाम थे। उनकी मधुर और कर्णप्रिय आवाज ने लंबे समय तक श्रोताओं के दिलों पर राज किया। उनके लोकप्रिय गीतों में ‘दाज्यु हमार जवाई रिषे ग्ये’, ‘आज कुछे मैत जा’, ‘कस भिड़े कुनई पंडित ज्यू कस करछा ब्या’ और ‘ह्यू भरी डाना’ जैसे कई गीत शामिल हैं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा और आज भी गुनगुनाया जाता है। करीब 35 वर्षों से अधिक समय तक उन्होंने कुमाऊनी लोकसंस्कृति की सेवा की और अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके निधन से कुमाऊनी लोकसंगीत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, लोक कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।कांग्रेस द्वारा भी लोकगायक दीवान कनवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है।उनके निधन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक मनोज तिवारी,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज,पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी,आनंद सिंह बगड़वाल,तारा चंद्र साह,आनंद सिंह बिष्ट,विनोद वैष्णव, नारायण दत्त पाण्डेय,दीप डांगी, निर्मल रावत,अमरजीत भाकुनी, दीवान सतवाल,देवेंद्र बिष्ट,वैभव पाण्डेय,भैरव गोस्वामी, गीता मेहरा,कार्तिक साह,देव सिंह कनवाल,हर्ष कनवाल,मनोज बिष्ट,परितोष जोशी ने शोक व्यक्त किया है।
