अल्मोड़ा-आज कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक शिष्ट मंडल ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंप कर नगर से संबंधित समस्याओं के समाधान के प्रयास की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि नगर निगम अल्मोड़ा को गठित हुए लगभग 6 माह से अधिक समय हो चुका है परन्तु नगर में कहीं भी विकास कार्य नहीं दिखायी दे रहे हैं।इस सम्बन्ध में विदित हुआ है कि 15 वें वित्त की धनराशि जो अनिवार्य रूप से निकायों को दी जाती है वह भी अभी तक नहीं आ पायी है।वर्तमान वर्ष के अतिरिक्त वर्ष 24-25 तथा सम्भवतया वर्ष 23-24 की भी किस्तें आनी बाकी हैं जिसके कारण नगर में अतिआवश्यकीय कार्य भी बाधित हो रहे हैं।प्रथम बार निगम में निवार्चित सभी 40 पार्षद अपने वार्डों में जनता की माँग पूरी न कर पाने के कारण परेशान है।अतः अपने स्तर से राज्य व केन्द्र सरकार से सम्बन्ध स्थापित कर यथाशीघ्र उक्त किस्तों को निर्गत कराने का कष्ट करेंगे।कहा गया कि नगर की मुख्य बाजार के पुर्ननिर्माण हेतु शासन में 40 करोड़ का प्रस्ताव पूर्व की नगरपालिका परिषद बोर्ड द्वारा भेजा गया था।इसी क्रम में नगरपालिका परिषद अल्मोड़ा सीमान्तर्गत पथ प्रकाश व्यवस्था हेतु 4 करोड़ 19 लाख,अल्मोड़ा नगर के क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न मार्गों में कोबल स्टोन लगाने हेतु 7 करोड़ 22 लाख, दीन दयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के उत्पाद को प्रदर्शित किये जाने हेतु आउटलेट एवं शहरी आजीविका केन्द्र निर्माण लागत 52 लाख व नगर अन्तर्गत सीसीटीवी कैमरा लगाये जाने हेतु 75.59 लाख के प्रस्ताव शासन में लम्बित हैं।इस पर अपने स्तर से कार्यवाही करने की कृपा करें।नगर निगम क्षेत्र में तैयार व निर्माणाधीन पार्किंग जो उत्तराखण्ड पेयजल निगम रानीखेत द्वारा निर्मित की जा रही है उसमें जीजीआईसी अल्मोड़ा के समीप निर्मित पार्किंग में पानी के निकास सम्बन्धी समस्या और पार्किंग के निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है।इसकी उच्च स्तरीय जाँच करवाकर कार्यवाही करने की जाए।उक्त पार्किंग जो नगर निगम अल्मोड़ा की भूमि पर निर्मित है को शीघ्र अतिशीघ्र नगर निगम अल्मोड़ा को हस्तान्तरित कर उक्त पार्किंग के संचालन का अधिकार नगर निगम अल्मोड़ा के पास रहे।नगर निगम की भूमि पर निर्मित पार्किंग के संचालन का अधिकार नगर निगम अल्मोड़ा के पास होना ही न्यायोचित है।अन्य विभाग को संचालन की अनुमति मिलने पर इसका विरोध किया जायेगा।भैरव मन्दिर के समीप पार्किंग को चालू किया जाय।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की घोषणा में स्वीकृत अटल आदर्श राजकीय इण्टर कालेज अल्मोड़ा के मैदान तक स्वीकृत सड़क का निर्माण शीघ्र करवाया जाय।नगर में जनता की निरन्तर माँग हो रही है कि जनहित को देखते हुए वर्तमान ई-रिक्शा का संचालन करबला से पाण्डेखोला बाईपास तक कराया जाय।साथ ही करबला से धारानौला तक तथा करबला व बेस अस्पताल लोअर माल पाण्डेखोला तक ई-रिक्शा का संचालन कराया जाय ताकि इससे इन क्षेत्र के लोगों को भी राहत मिल सके। आपके प्रयास से महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला ई-रिक्शा चलाकर सराहनीय कदम उठाया गया है।यदि इनकी संख्या बढ़ सके तो उचित होगा।पर्यटन की दृष्टि से कसारदेवी, स्याहीदेवी,चितई,बानड़ी देवी व कटारमल सूर्य मन्दिर को रोपवे से जोड़ा जाय।इससे जहाँ पर्यटक आकर्षित होंगे वहीं अल्मोड़ा नगर में यातायात भी सुगम हो सकेगा और आए दिन लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी।करबला से सिकुड़ा तक कुछ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाय।इस सड़क पर प्रायः जाम लग रहा है।आम जनता,यात्री एवं पर्यटक काफी परेशान हो जाते हैं। समय रहते लोअर माल रोड बेस से पाण्डेखोला तक नगर निगम की भूमि को चयनित कर पार्किंगो का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर करवाने की भी मांग की।मल्ला महल में पर्यटकों व स्थानीय जनता के आकर्षण हेतु नियमित रूप से सांस्कृतिक गतिविधियों आमंत्रित कराने की भी मांग की गयी।कुमाऊँ के इतिहास में तथा विशेष रूप से स्वतंत्रता आन्दोलन में अल्मोड़ा के योगदान सहित स्वामी विवेकानन्द,राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी,गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर,पं० जवाहर लाल नेहरू आदि पर छोटे पर्दे के माध्यम से जानकारी दी जा सकती है।इसी प्रकार सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक क्षेत्र में प्रमुख तथा योगदान देने वाले विभूतियों जिनमें ब्रजेन्द्र लाल साह, मोहन सिंह रीठागाड़ी,मोहन उप्रेती. राष्ट्रकवि सुमित्रानन्दन पंत,शेरदा ‘अनपढ़’ आदि के बारे में जानकारी दी जा सकती है।शैक्षिक क्षेत्र,राजनीति, प्रशासन एवं चिकित्सा व सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों से सम्बन्धित जानकारी को भी प्रदर्शित किया जा सकता है।इस सम्बन्ध में उचित होगा कि माल रोड से मल्ला महल तक लिफ्ट के माध्यम से पर्यटकों को ऐतिहासिक मल्ला महल के दीदार कराये जायें।कहा गया कि कांग्रेस जनों को आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि उपरोक्त बिन्दुओं को गम्भीरता से लेते हुए अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही कर शहर को निरन्तर विकास की ओर ले जाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज,महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी,भैरव गोस्वामी, पूर्व दर्जामंत्री पूरन रौतेला,केवल सती, कुंदन भंडारी,जगदीश तिवारी,दिनेश पिलाख्वाल,आनंद बिष्ट,तारु तिवारी,गोविन्द मेहरा,मनोज वर्मा, वैभव पाण्डेय,मधु बिष्ट,चंचल दुर्गापाल,प्रदीप कुमार,मुकेश कुमार,हेम तिवारी,निर्मल रावत,तुलसी देवी,गुंजन चमयाल,एन डी पाण्डेय, इमरोज़ खान आदि लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *