अल्मोड़ा-खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने धौलछीना और भैंसियाछाना ब्लॉक में स्थित मेडिकल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दवाओं की बिक्री व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण औषधि निरीक्षक पूजा जोशी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस की वैधता का सत्यापन किया गया और दवाओं के स्टॉक का परीक्षण किया गया। साथ ही क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि दवाओं की बिक्री पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी में और वैध चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही हो रही है। टीम ने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, ताकि दवा बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान कुछ मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर संबंधित संचालकों को सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। औषधि निरीक्षक ने कहा कि जनपद में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि औषधि विक्रय से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
