अल्मोड़ा-नगर के बेस और महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं होने से इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।पूरे नगर का लोड अकेले जिला अस्पताल पर ही आ गया है। बुधवार को जांच के लिए आए कई मरीजों को दूसरे दिन की डेट तक देनी पड़ गई।मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए सीनियर रेजीडेंट के पद पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की गई थी।इससे पहले बेस अस्पताल उधार की व्यवस्था पर चल रहा था।रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होने से महिलाओं व लोगों को काफी राहत मिल रही थी, लेकिन सीनियर रेजीडेंट के पद पर तैनात रेडियोलॉजिस्ट मेडिकल कॉलेज छोड़कर चली गई हैं।इस कारण से बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड होने बंद हो गए हैं।वहीं जिला अस्पताल के एक रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से इसके अधीन आने वाले महिला अस्पताल में भी अल्ट्रासाउंड नहीं पा रहे हैं।दो अस्पतालों में एक साथ अल्ट्रासाउंड जांच बंद होने से मरीजों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।नगर में केवल जिला अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं।इस कारण बुधवार को जिला अस्पताल में दिन भर जांच के लिए मरीजों की लंबी लाइन लगी रही।घंटों के इंतजार के बाद भी मरीजों को बैरंग होकर लौटना पड़ा।डॉ. सीपी भैसोड़ा प्राचार्य मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजी विभाग में सीनियर रेजीडेंट की नियुक्ति की गई थी लेकिन अब वह छोड़कर चली गई हैं।रेडियोलॉजिस्ट समेत अन्य विभागों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति निकाली गई है।
