अल्मोड़ा-ग्राम पुभाऊं स्थित प्राचीन एवं पौराणिक पावनेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला।प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।आसपास के कई दर्जन गांवों से आए भक्तों ने मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।सैकड़ों वर्षों से आयोजित हो रहा यह पारंपरिक मेला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बना हुआ है। मेले के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष रौनक देखने को मिली।
इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। सुबह से देर शाम तक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने भंडारे की व्यवस्था, भोजन वितरण, पेयजल एवं साफ-सफाई की जिम्मेदारी निष्ठा से निभाई।
मेले में स्थानीय व्यापारियों एवं ग्रामीणों द्वारा विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाई गईं, जिनमें पूजा सामग्री, खिलौने, मिठाइयाँ, प्रसाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं एवं पारंपरिक सामान उपलब्ध रहा। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी इन दुकानों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। स्थानीय उत्पादों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिला।मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई। युवाओं द्वारा बढ़-चढ़कर सेवा कार्य किया गया, जो सराहनीय रहा।कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि रमेश बिष्ट,ग्राम प्रधान शांति बिष्ट,कनिष्ठ प्रमुख मुन्नी देवी,सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा नेगी,अर्जुन नाथ,गोकुल गुरुरानी,राजू शर्मा,पूर्व प्रधान चन्दन शर्मा,पूर्व प्रधान देवीदत्त शर्मा, नीशू भंडारी, मनोज बिष्ट सहित समस्त जनमानस की उपस्थिति रही।महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर आयोजित मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भावना एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत उदाहरण भी बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *