अल्मोड़ा-स्वास्थ्य विभाग के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने गुरुवार को भी अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार जारी रखा। उन्होंने विभाग परिसर के बाहर प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराज़गी व्यक्त की और जल्द से जल्द पदोन्नति देने की मांग की। उत्तरांचल मेडिकल एंड हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के सदस्यों ने लगातार दूसरे दिन हड़ताल जारी रखते हुए जोरदार नारेबाजी की और अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से अपनी सेवाएं देने के बावजूद उन्हें अब तक पदोन्नति नहीं मिली है और न ही उनका उचित समायोजन किया गया है। कई कर्मचारी 12 साल से अधिक समय से काम कर रहे हैं, फिर भी उनकी जायज़ मांगों को लगातार नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी मांग की कि जूनियर क्लर्क से लेकर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी तक के पदों पर डीबीसी प्रक्रिया के तहत पदोन्नति की जाए। कर्मचारियों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुसाईं, जिला मंत्री हरीश चंद्र जोशी, मोहित वर्मा, मोहित कनवाल, अंकित गुप्ता, नवीन भट्ट, दीपक पांडे, राकेश भट्ट, मीना जोशी, आलोक चौहान, दीपा पांडे, जानकी, प्रिया मल्ल, हर्षा बिष्ट, कैलाश भगत सहित कई कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *