अल्मोड़ा- पारस्परिक स्थानांतरण की मांग पूरी न होने पर लोक निर्माण विभाग के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। इसी के चलते सोमवार से कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे कार्यालयी कामकाज प्रभावित रहा। उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीय एसोसिएशन के आह्वान पर कर्मचारियों ने लोनिवि कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पारस्परिक स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद स्थानांतरण नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में स्थानांतरण प्रमुख अभियंता स्तर से होते थे, जबकि अब स्थानांतरण के प्रकरण शासन को भेजे जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया लंबी हो गई है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ा है। कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने के कारण उन्हें मजबूरन कार्यबहिष्कार का रास्ता अपनाना पड़ा है। प्रदर्शन में शंकर सिंह, टीका सिंह खोलिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *