अल्मोड़ा-राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अंशुल सिंह और मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं के टीकाकरण के लिए विभागीय टीमों का सहयोग करें, ताकि इस संक्रामक रोग से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को 45 दिन की अवधि में हर हाल में पूरा किया जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान 2 अप्रैल से 16 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 88 टीकाकरण दलों के माध्यम से जनपद के सभी गांवों और वार्डों में बड़े पशुओं (गौवंश और भैंस) के आठवें चरण तथा छोटे पशुओं (भेड़-बकरी) के चौथे चरण में टीकाकरण किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. आर्या, डॉ. अमृता सिंह, डॉ. पैनी आर्या, डॉ. कमल दुर्गापाल और महेश चन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
