अल्मोड़ा-नगर में आयोजित हिंदू सम्मेलन के दौरान दिए गए विवादित बयान को लेकर जारी विवाद के बीच बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक राजीव गुरुरानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने कहा कि संत लाल बाबा के भाषण को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है और इसे अनावश्यक रूप से विवादित बनाया गया है।राजीव गुरुरानी ने कहा कि उनके अनुसार संत लाल बाबा ने अपने संबोधन में किसी समुदाय विशेष का नाम नहीं लिया, बल्कि उन्होंने केवल कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से संज्ञान लेने की अपील की थी। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा बिना पूरी जांच के मुकदमा दर्ज किया जाना उचित नहीं है, जिससे लोगों में नाराजगी है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के समय में कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में हुई घटनाओं को लेकर संत लाल बाबा आहत थे और इसी संदर्भ में उन्होंने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की थी।गुरुरानी के अनुसार उनके वक्तव्य का उद्देश्य समाज को जागरूक करना था।राजीव गुरुरानी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले निष्पक्ष जांच की जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना जांच के एकतरफा कार्रवाई की गई तो लोग विरोध के लिए मजबूर होंगे।
