अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में जागेश्वर विधायक गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि हरिद्धार कुम्भ मेले के दौरान कोविड जांच में जो फर्जीवाड़ा सामने आया है उससे यह स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों को रोकने में कतई गम्भीर नहीं है।हरिद्वार जैसे महान तीर्थ स्थल पर कुम्भ मेले में जिस तरह से कोरोना महामारी के समय कोरोना जांच में जो फर्जीवाड़ा हुआ है उसने इस देवभूमि को कलंकित करने का काम किया है।लाखों लोगों का फर्जी कोरोना टेस्ट दिखाकर नेगेटिव रिपोर्ट बता देना यह लगभग साबित होने जा रहा है।इसमें करोड़ो रूपये की हेराफेरी सामने आ रही है।इतना बड़ा घोटाला बिना सरकार के संरक्षण के अधिकारी नहीं कर सकते।उन्होंने कहा कि इस फर्जीवाड़े में सरकार व अधिकारियों की सांठ गांठ जरूर रही होगी।अब तो कुम्भ मेले से पूर्व जो स्थाई व अस्थाई कार्य किये गये हैं इन कार्यों पर भी अंगुलियां उठने लगी हैं।उन्होंने सरकार से मांग की है कि हरिद्वार कुम्भ मेले के दौरान हुए कोरोना जांच एवं निर्माण कार्यों की सीबीआई अथवा हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से कराई जाए तथा दोषियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार के कारनामों से बचा जा सके।
