अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति डा सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय अन्तर्गत सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पढ़ाई को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति कुछ समय की होती है लेकिन अभी की गयी पढ़ाई ही आगे जाकर जिन्दगी की दिशा और दशा तय करती है। उन्होंने कहा कि छात्र छात्राओं को अपने अभिभावकों को ध्यान में रखते हुए अपनी युवावस्था की सीढ़ियां चढ़नी चाहिए जिसमें उन्हें एहसास रखना चाहिए कि हमारे अभिभावक किन विपरीत परिस्थितियों में हमारा पालन पोषण कर रहे हैं तथा हमें बेहतर शिक्षा देने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।अपनी इच्छाएं दबा कर हमारी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन अल्प समय का होता है।कालेज उत्तीर्ण करने के बाद एक बेहतर तरीके से जीवन जीने के लिए रोजगार की आवश्यकता होती है और शिक्षा ही हमारे भविष्य को किस दिशा में ले जाना है तय करती है। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि छात्र राजनीति जरूर कालेज अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के जीवन का एक हिस्सा हो सकती है लेकिन छात्र राजनीति ही सब कुछ है ऐसा सोचना ग़लत है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय में अध्यनरत छात्र छात्राओं से अपील की है कि इस इक्कीसवीं सदी में वैसे ही बहुत प्रतिस्पर्धा है।ऐसे में यदि पढ़ाई से विद्यार्थी अपना ध्यान अन्यत्र भटकायेंगे तो उनका आने वाला भविष्य किस तरह होगा ये सोचनीय विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का एक मन्दिर है।मन्दिर में हमें किस तरह का व्यवहार करना चाहिए ये सभी जानते हैं। उन्होंने छात्र छात्राओं से अपील की है कि अपना सारा ध्यान पढ़ाई और अपना कैरियर बनाने में फोकस करें ताकि आगे जाकर सभी एक बढ़िया ज़िन्दगी जी सकें और अपने माता पिता के सपनों को पूरा कर सकें।इसके साथ ही उन्होंने छात्र छात्राओं से अपील की कि बोलचाल की भाषा में हमें मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए क्योंकि शब्द ही हैं जो हमारे संस्कारों को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि वे छात्र,कर्मचारी,शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव संवेदनशील हैं। उन्होंने आशा की है कि छात्र समुदाय उनकी इस अपील को आत्मसात करेंगे।
