अल्मोड़ा-पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक की पहल एवं जिलाधिकारी अंशुल सिंह की त्वरित कार्यवाही पर डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) स्थित मॉडल फील्ड के दिन अब बदलते नजर आ रहे हैं। लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस मैदान को अब आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य तेजी से किया जा रहा है, जहां अब क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आधुनिक क्रिकेट पिच तैयार की जा रही है, जिससे जिले के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मौके पर पहुंचकर मॉडल फील्ड का स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे समस्त कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाहर से आए पिच क्यूरेटर और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान की समतलीकरण प्रक्रिया, पिच निर्माण की बेहतर गुणवत्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदान को इस प्रकार विकसित किया जाए कि भविष्य में यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकें।जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक क्रिकेट पिच के तैयार होने से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों को रात्रि में भी अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मैदान के आसपास साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इस मैदान के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में यह मैदान खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।इस अवसर पर उपस्थित पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि इस मैदान के तैयार हो जाने के बाद निश्चित रूप से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए सुविधाओं से युक्त खेल मैदान मिलेगा जिससे अल्मोड़ा के खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी। पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि इस मैदान के निर्माण के लिए उनके द्वारा जिलाधिकारी अल्मोड़ा से वार्ता की गई थी जिस पर जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने त्वरित कार्यवाही करते हुये उक्त मैदान का कार्य प्रारम्भ करवाया साथ ही इस मैदान के बनकर तैयार हो जाने के बाद नगर के खिलाड़ियों को अपने अभ्यास के लिए एक बेहतर जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर ने नायाब खिलाड़ियों के रूप में अल्मोड़ा को एकता बिष्ट, लक्ष्य सेन, चिराग सेन, सुरेन्द्र भंडारी जैसे नगीने दिए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अल्मोड़ा का नाम रोशन किया है। डायट स्थित इस मैदान के निर्माण के बाद निश्चित रूप से अल्मोड़ा इतिहास को दोहराएगा और अनेक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए आगे बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *