अल्मोड़ा-नगर के डुबकियां क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े तुन के पेड़ स्थानीय लोगों के लिए खतरे का सबब बनते जा रहे हैं। इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद अंजु बिष्ट ने आज जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनहित के दृष्टिगत इन पेड़ों की लॉपिंग (कटाई-छंटाई) कराने की मांग की।पार्षद अंजु बिष्ट ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि डुबकियां क्षेत्र में कई तुन के पेड़ काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इनकी शाखाएं सड़क और आवासीय क्षेत्रों की ओर झुकी हुई हैं, जिससे तेज हवा या बारिश के दौरान इनके गिरने का खतरा बना रहता है। इससे स्थानीय लोगों, राहगीरों तथा वाहनों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद उप जिलाधिकारी सहित वन विभाग के सक्षम अधिकारियों की टीम ने सायं मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेड़ों की स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। बताया गया कि जो पेड़ या उनकी शाखाएं खतरा पैदा कर रही हैं, उनकी जल्द ही लॉपिंग कराई जाएगी ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।वार्ड पार्षद अंजु बिष्ट ने जिलाधिकारी द्वारा मामले में त्वरित संज्ञान लेने और अधिकारियों द्वारा शीघ्र निरीक्षण किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों ने भी पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही खतरा बने पेड़ों की लॉपिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाएगा।इस अवसर पर पार्षद अंजू बिष्ट के अलावा राकेश बिष्ट,पवन बिष्ट,रजत अधिकारी,दीपा अधिकारी,उमा बिष्ट,तेज सिंह नेगी, हरीश सिंह डोबाल आदि उपस्थित रहे।

