अल्मोडा़-आज जारी एक बयान में सर्वदलीय संघर्ष समिति के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्धारा नवम्बर 2017 में अव्यवहारिक तरीके से प्रदेश की जनता पर थोप दिया गया जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अब लोगों के लिए जी का जंजाल बनता जा रहा है।स्थानीय लोग लगातार इसे समाप्त करने की मांग लगातार प्रदेश सरकार से कर रहे हैं पर लोगों को केवल आश्वासन मिल रहा है।उन्होंने कहा कि विगत तीन सालों से सर्वदलीय संघर्ष समिति नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में जिलास्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने के लिए आन्दोलनरत है परन्तु सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है।उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखे बिना इस क्षेत्र में प्राधिकरण का थोपा जाना यहां की जनता के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण फैसला था।आज की स्थिति में जहां लोगों को प्राधिकरण के कारण अपने भवन निर्माण में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर जनता पर भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृत कराने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि जिलास्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर संघर्ष समिति प्रत्येक मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गांधी पार्क अल्मोडा़ में लगातार धरना दे रही है जिस क्रम में समिति कल एक दिसम्बर मंगलवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक गांधी पार्क अल्मोडा़ में धरना देगी।उन्होंने जनहित के इस धरने में सभी क्षेत्रवासियों से उपस्थित रहने की अपील की है।