अल्मोड़ा-आज जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांग्रेस के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा लंबे समय से सर्जन विहीन चल रहा है। जिससे अल्मोड़ा सहित जागेश्वर,सोमेश्वर,बाड़ेछीना,सेराघाट सहित आसपास के सैकड़ो मरीज प्रभावित हो रहे हैं।शहर के मध्य स्थित जिला अस्पताल में सर्जन के ना होने से लोगों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मरीजों को सर्जन के लिए बेस चिकित्सालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।बीते कुछ समय बेस चिकित्सालय के सर्जन को जिला चिकित्सालय में मरीजों के उपचार हेतु बैठने की व्यवस्था की गई थी मगर न जाने क्यों यह व्यवस्था अचानक लुप्त कर दी गई।उन्होंने मरीजों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन से अनुरोध किया है कि बेस चिकित्सालय के सर्जन को सप्ताह में तीन दिन जिला अस्पताल में बैठाने की व्यवस्था की जाए।उन्होंने कहा कि लोगों की बेहतर सुविधा के लिए सप्ताह में एक दिन बेस चिकित्सालय में एवं एक दिन जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन दिवस निर्धारित किया जाए जिससे जनता को असुविधा ना हो।उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम तो प्रदेश सरकार को अल्मोड़ा के चिकित्सालयों में चिकित्सकों की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए।लेकिन यदि अल्मोड़ा के चिकित्सालयों में प्रदेश सरकार चिकित्सकों की समुचित व्यवस्था करने में असमर्थ है तो कम से कम ऐसी व्यवस्था करे जिससे जिला अस्पताल में भी स्थानीय लोगों को सर्जन की सेवाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि यदि शीध्र अल्मोड़ा जिला अस्पताल में सर्जन की स्थायी अथवा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होती है तो जनता में आक्रोश भड़क सकता है।उन्होंने प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से जनहित में अविलम्ब जिला चिकित्सालय में सर्जन की व्यवस्था करने की अपील की है।