जागेश्वर-आज जारी एक बयान में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि हरीश रावत जी का जो बयान सामने आया है कि उत्तराखंड में वर्ष 2022 के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता स्पष्ट रूप से मुख्य चेहरे को सबके सामने रखे वे हरीश रावत के इस बयान का पुरजोर स्वागत करते हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान में जब वह गांव कस्बों में घूमते हैं तो एक ही बात उनसे पूछी जाती है कि आपकी पार्टी का 2022 के लिए चेहरा कौन है?श्री कुंजवाल ने कहा कि उस समय हम लोगों के सामने बड़ी असहज स्थिति होती है। अतः जब प्रदेश प्रभारी ने प्रदेश के तीन नेताओं को अलग-अलग उपाधि देकर आगामी चुनाव को जीतने की बात कही है तो उत्तराखंड का हर कांग्रेस कार्यकर्ता आग्रह करता है कि कांग्रेस पार्टी 2022 के लिए चेहरे की भी घोषणा करना सुनिश्चित करें।ताकि आम कांग्रेस जनों में जो शंका फैली हुई है उसका समाधान हो सके और कांग्रेस का कार्यकर्ता जी जान लगाकर कांग्रेस को सत्ता में ला सके।उन्होंने कहा कि उनका यह भी मानना है कि वर्तमान समय में उत्तराखंड की जनता 2017 की भूल को सुधार कर हरीश रावत को ही 2022 के लिए मुख्य चेहरे के रूप में देखना चाह रही है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत बहुत ही संघर्षशील,अनुभवी,कर्मठ एवं उत्तराखंड के अलग-अलग जनपदों, अलग-अलग ब्लॉकों,उत्तराखंड के हर क्षेत्र की भाषा,संस्कृति व तमाम समस्याओं की जानकारी भी रखते हैं।उन्होंने कहा कि हरीश रावत इस प्रदेश के बुजुर्गों,युवाओ,माताओं,बहनों का सम्मान करते हुए कई हजारों हजार लोगों को नाम से जानते हैं।इस तरह के सर्वमान्य नेता उत्तराखंड राज्य के अंदर किसी भी राजनीतिक दल के अंदर नहीं है।
