अल्मोड़ा-पिछले दिनों फलसीमा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत फलसीमा से आईटीआई के पास मुख्य मार्ग से ग्राम तक सीसी मोटर मार्ग निर्माण कार्य का उद्घाटन भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा किए जाने पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने गहरा रोष व्यक्त किया है। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर पार्टी विशेष के कार्यकर्ताओं से सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।साथ ही उन्होंने कहा कि वह अधिकारी इस प्रश्न का उत्तर भी दें कि क्या जिस दिन सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कराया गया उस दिन तक उस सड़क के निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी की जा चुकी थी। विधायक ने कहा कि 6 मार्च को इस सड़क के निर्माण कार्य की धनराशि निर्गत हुई है और भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा 2 मार्च को ही सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कर दिया जाना हास्यपद है।उन्होंने कहा कि राज्य में अफसरशाही इस कदर हावी हो चुकी है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को महत्व देना तक उचित नहीं समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के अंदर जब सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन होना था तो ऐसे में स्थानीय विधायक की उपेक्षा कर भाजपा कार्यकर्ताओं से सड़क का उद्घाटन कराना किस संवैधानिक दायरे में आता है यह अधिकारी स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि जब अल्मोड़ा जनपद के अधिकारी विधायक की इस तरह से अपेक्षा कर सकते हैं तो यह सोचनीय विषय है कि आम जनता के साथ उनका व्यवहार क्या होता होगा। उन्होंने कहा कि स्पष्ट रूप से यह मामला विशेषाधिकार हनन का है जिसे जरूरत पड़ने पर सदन में भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि या तो अधिकारी इस बात से अनभिज्ञ हैं की एक जनप्रतिनिधि की परिभाषा क्या है?उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पहले जनप्रतिनिधि शब्द का अर्थ समझ लेना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि जनता द्वारा चुना हुआ व्यक्ति होता है इस बात को अधिकारी भली भांति समझ ले। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जिन सड़कों के निर्माण के लिए उनके द्वारा प्रयास ही नहीं किया गया उन सड़कों का उद्घाटन करने का अधिकार भाजपा कार्यकर्ताओं को किसने दे दिया यह एक यक्ष प्रश्न है। उन्होंने कहा कि लगातार विधानसभा की सड़कों के निर्माण के लिए वे विधायक के रूप में सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता अपने मुंह मियां मिट्ठू बनकर इन विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ लगाए बैठे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी सत्ता पक्ष के दबाव में मनमाने तरीके से कार्य ना करने की नसीहत दी है।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विकास कार्यों का श्रय लेने की होड़ में यह तक भूल चुके हैं कि अल्मोड़ा की शिक्षित जनता सब कुछ जानती है और विकास कार्यों के लिए कौन कितना संघर्ष कर रहा है उससे भली भांति परिचित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *