अल्मोड़ा-जनपद में सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनहित में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की श्रृंखला उल्लेखनीय रही है।विगत चार वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़,सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए गए हैं,जिनका सीधा लाभ आमजन को प्राप्त हो रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद में स्वास्थ्य विभाग जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस क्रम में बीते 4 साल में लगभग 14,827 गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क संस्थागत प्रसव की सुविधा प्रदान की गई।साथ ही 169 उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विकसित करते हुए उनमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।इन केंद्रों के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1,37,000 से अधिक लोगों को ओपीडी सेवाएं,निःशुल्क जांच एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के 7 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अंतर्गत प्रमाणित किया गया है। इसके अतिरिक्त 46 चिकित्सालयों को राज्य स्तरीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कायाकल्प अवार्ड प्रदान किया गया है।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर का उच्चीकृत उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकास भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन सुविधा,मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में एमआरआई सुविधा तथा ब्लॉक स्तर पर पब्लिक हेल्थ लैब्स की स्थापना की गई है।जनपद में 50 बेड का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल निर्माणाधीन है,जबकि 06 विकासखंडों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।टीकाकरण एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत विशेष प्रगति करते हुए नियमित टीकाकरण से लाखों लाभार्थियों को आच्छादित किया गया है। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 261 ग्रामों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है तथा हजारों लोगों की जांच की गई है।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आईसीयू एवं इंसुलेशन वार्ड,ब्लड कंपोनेंट यूनिट तथा डायलिसिस सेवाओं का विस्तार किया गया है।अब तक 108 मरीजों को डायलिसिस सुविधा प्रदान की जा चुकी है।इसके अतिरिक्त,स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार किया गया है। नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के माध्यम से लगभग 400 विद्यालयों में जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।आपातकालीन सेवाओं को सशक्त बनाने हेतु 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से प्रसव पूर्व एवं पश्चात सेवाएं तथा मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।इन समस्त उपलब्धियों से स्पष्ट है कि जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को बेहतर,सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर यह उपलब्धियां जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *