अल्मोड़ा -जल संस्थान संविदा श्रमिक संगठन अल्मोड़ा के कर्मचारियों ने आज चौहानबाटा स्थित जल संस्थान के कार्यालय में प्रदर्शन किया एवं तीन माह से वेतन का भुगतान न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दो दिन के भीतर यदि उनके वेतन का भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया तो वह हड़ताल करने को बाध्य होंगे जिससे प्रभावित होने वाली समस्त सेवाओं की जिम्मेदारी जल संस्थान विभाग की होगी।विदित हो कि तीन माह के वेतन भुगतान की मांग जल संस्थान के संविदा श्रमिक संगठन के कर्मचारी पिछले सप्ताह से मांग कर रहे हैं लेकिन भुगतान न होने से आज उनका सब्र टूट गया और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दे डाली।कर्मचारियों का कहना है कि विभाग महीने भर उनसे कार्य लेता है लेकिन समय पर वेतन का भुगतान न होने से उनके सामने अपने परिवार के भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि इतनी महंगाई के जमाने में कर्मचारी अपने परिवारों का बिना वेतन के कैसे गुजर बसर करेंगे यह अधिकारियों को सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संस्थान के कर्मचारी जाड़ा,गर्मी,बरसात को ना देखते हुए लगातार अपना काम करते हैं लेकिन विभाग समय पर उनका वेतन ना देकर उनके मनोबल को तोड़ने का कार्य कर रहा है। प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह अधिकारी,कोषाध्यक्ष प्रताप सिंह, सचिव महेंद्र मेर के अलावा बची सिंह अधिकारी,मिथिलेश खड़ाई, पूरन ढैला,कुंवर ढैला,पंकज बिष्ट,महेश मेहरा,पान सिंह मेहरा,अर्जुन मेहरा, दीवान मेर,त्रिभुवन आदि संविदा कर्मी उपस्थित रहे।
