अल्मोड़ा-गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कर्तव्य पथ पर अल्मोड़ा के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। संस्कार सांस्कृतिक समिति के 50 कलाकार कुमाऊं के प्रसिद्ध लोकनृत्य छपेली की प्रस्तुति देंगे। छपेली कुमाऊं क्षेत्र का एक प्रसिद्ध लोकनृत्य है, जिसे खास अवसरों पर प्रस्तुत किया जाता है। यह नृत्य गीत पारंपरिक जोड़ और आलाप के साथ गाया जाता है। छपेली लोकनृत्य उल्लासपूर्ण संगीत के साथ भावपूर्ण होता है। जिसमें सजीव और अर्थपूर्ण नृत्य की भाव भंगिमाएं होती हैं। समिति के प्रकाश बिष्ट ने बताया कि इसके लिए दल के कलाकारों को चयनित किया गया है, जिसका नेतृत्व ललित मोहन बिष्ट कर रहे हैं। यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार व संगीत नाटक अकादमी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 5000 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। एक महीने की रिर्हसल के बाद कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को सभी कलाकार लोक संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की सांस्कृतिक संस्था संस्कार सांस्कृतिक समिति के 50 कलाकारों का चयन किया गया है। अल्मोड़ा के कलाकारों का चयन होने पर नगर के सांस्कृतिक प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की है।
