अल्मोड़ा-लगातार गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोत्तरी होने पर अल्मोड़ा कांंग्रेस की महिला नगर अध्यक्ष गीता मेहरा ने कड़ा रोष व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों व बेतहाशा बढ़ रही महंगाई से आज जनता को अपने परिवार को पौष्टिक आहार देना भी बेहद कठिन हो गया है।कोरोना महामारी के चलते निम्नवर्गीय एवं मध्यमवर्गीय परिवार पहले से ही गंभीर आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं और ऐसे में लगातार बढ़ रहे गैस सिलेंडर,खाने के तेल,दालों व पेट्रोल डीजल के दामों ने जनता की कमर ही तोड़ कर रख दी है।महंगाई व मूल्यवृद्धि वर्तमान की जटिल समस्या बन गयी है।बेतहाशा महंगाई बढ़ने के कारण समाज में असंगति,कुण्ठा व विकृतियां उत्पन्न हो रही हैं।ऐसे समय में सरकार द्वारा गैस सिलेंडर का मूल्य बढ़ाना स्पष्ट करता है कि सरकार को जनता की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है।श्रीमती मेहरा ने कहा कि अच्छे दिनों का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा सरकार आज महंगाई को रोकने में पूरु तरह विफल साबित रही है।जनता महंगाई से त्रस्त है और सरकार मात्र विज्ञापनों के माध्यम से अपनी पीठ थपथपाने में मस्त है।उन्होंने कहा कि आज दैनिक उपभोग की वस्तुएं खाने का तेल,दाल,खाद्यान्न के भाव आसमान पहुंच रहे हैं।मध्यमवर्गीय लोगों के लिए अपने परिवार के भोजन की आवश्यकताओं को पूरा करना बहुत मुश्किल हो रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की भी सुध लेनी चाहिए तथा बेतहाशा बढ़ रही इस महंगाई को रोकना चाहिए।