अल्मोड़ा-आज जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस की जिलाध्यक्ष लता तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार रसोई गैस के मूल्य में बढ़ोत्तरी कर महिलाओं की रसोई का बजट बिगाड़ने का काम कर रही है।उन्होंने कहा कि विगत दिवस भी भाजपा सरकार द्वारा रसोई गैस की कीमतों में पच्चीस रूपये की बढ़ोत्तरी की है जिससे महिलाओं में काफी रोष है।उन्होंने कहा कि भाजपा की इस डबल इंजन सरकार में पहले से ही महंगाई आसमान छू रही है और ऐसे में पुनः रसोई गैस के दाम बढ़ाकर इस सरकार ने सिद्व कर दिया है कि इस सरकार को गरीब एवं मध्यमवर्गीय जनता से कोई सरोकार नहीं रह गया है।उन्होंने भाजपा की सरकार को पूंजीपतियों की सरकार करार दिया।श्रीमती तिवारी ने कहा कि पहले से ही पेट्रोल,डीजल,रसोई गैस और खाद्यान्न के मूल्य आसमान छू रहे हैं।इन सभी वस्तुओं के दाम कम कर नियंत्रित करने के बजाय डबल इंजन सरकार दिन प्रतिदिन आवश्यक वस्तुओं के मूल्य में बढ़ोत्तरी कर रही है जो कि जनता के साथ स्पष्ट धोखा है।उन्होंने कहा कि जनता ने इसलिए भाजपा को सत्ता नहीं सौंपी थी कि ये सरकार सत्ता में आने के बाद जनता को महंगाई के बोझ तले दबा देगी।उन्होंने कहा कि आज गरीब और मध्यमवर्गीय वर्ग के सामने बेतहाशा बढ़ चुकी इस महंगाई के कारण अपने परिवार के भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गयी है।उन्होंने कहा कि इस कोरोनाकाल में हजारों लोग के ऊपर बेरोजगारी की मार पढ़ चुकी है ऐसे में भाजपा सरकार लोगों पर महंगाई की दोहरी मार मार रही है जो काफी शर्मनाक है।उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए तो महिला कांंग्रेस इस सरकार के विरूद्ध सड़़कों पर उतरकर आन्दोलन को बाध्य होगी।
