अल्मोड़ा-घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस जिला महासचिव गीता मेहरा ने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने को आम जनता पर महंगाई का एक और बोझ बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए रसोई चलाना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है। गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी से सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम लोगों की परेशानियों को समझते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के हित में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। कांग्रेस पार्टी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *