अल्मोड़ा-पंकज भट्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा सभी थाना प्रभारियों/साईबर सैल को ई सुरक्षा प्रणाली के तहत साईबर फ्राड से सम्बन्धित मामलों में जागरूकता के साथ साथ प्राप्त शिकायतों में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है। दिनांक 28/5/2021 की सांय को शिकायतकर्ता देवकी नन्दन तिवारी पुत्र कवि दत्त तिवारी निवासी ग्राम देरी पो०ओ०द्वाराहाट अल्मोडा उम्र 71 वर्ष (सेवानिवृत्त बी०एस०एफ० कर्मी) को अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके मोबाईल फोन पर उनके खाते से सम्बन्धित बैंक का बैंक मैनेजर होने का प्रतिरुपण परिचय दिया गया तथा उनको विश्वास में लेकर धोखे से उनके खाते और ए०टी०एम० से सम्बन्धित सीवीवी नम्बर और ओ०टी०पी०प्राप्त कर बैंक खाते की गोपनीय जानकारी का दुरपयोग कर उनके खाते से 50000 रुपये ऑनलाइन एप से धोखे से निकासी कर ली गयी।शिकायतकर्ता को अपने साथ हुये फ्राड की जानकारी होने पर उनके द्वारा दिनांक 29.05.2021 को थाना द्वाराहाट मे शिकायत दर्ज करायी गयी।
थाना द्वाराहाट के उ०नि० मोहन सिहं सौन द्वारा साईबर सैल अल्मोडा से समन्वय स्थापित कर का०मोहन बोरा द्वारा आवश्यक कार्यवाही के उपरान्त दिनांक 31.05.2021 को शिकायतकर्ता की धोखे से आहरित 50000 रुपये की पूरी धनराशि उनके खाते में वापस आ गयी है,पुलिस एवम साईबर सैल द्वारा की गयी त्वरित कार्यवाही और सहयोग का शिकायतकर्ता द्वारा आभार प्रकट किया गया है।एस०एस०पी० अल्मोड़ा की सभी जनपद वासियों से अपील है कि साईबर अपराधियों से सर्तकता एवं जानकारी से ही बचा जा सकता है, कोरोना संक्रमण के साथ-साथ साईबर अपराधियों ने भी अपना संक्रमण तेजी से फैला कर नये-नये तरीके के जाल बिछाकर लोगो की मेहनत की कमाई से अपनी जेब भर रहे हैं।यदि आप गूगल पे,फोन पे,पेटीएम आदि प्रयोग कर रहे हैं तो सावधान रहें जब आप डिजिटल माध्यम से लेन-देन करते हैं तो ठगी की सम्भावनाएं भी बढ़ जाती हैं।किसी भी अनजान काॅल पर विश्वास करके अपने बैंक एकाउन्ट की निजी जानकारी किसी को भी शेयर न करें,न ही किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करें।यदि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार होता है तो तत्काल नजदीगी थाना,राजस्व उ०नि० अथवा साईबर सैल अल्मोड़ा को सूचित करें।