अल्मोड़ा-प्रो० सोनू द्विवेदी ‘शिवानी’ नवनियुक्त संकायाध्यक्ष दृश्यकला संकाय एवं विभागाध्यक्ष चित्रकला विभाग सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के संयोजन में हमारी विरासत हमारी अमूल्य धरोहर विषय के अन्तर्गत भारतीय संस्कृति, भारतीय कला धरोहर एवं लोकचित्र ऐपण शीर्षक के पर बने चित्रों की दस दिवसीय राष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी के साथ कार्यशाला एवं प्रतियोगिता दिनांक 15 मार्च से 23 मार्च 2021 तक होनी है।जिसमें प्रदेश सहित देश के विभिन्न स्थानों से आए चित्रों की प्रदर्शनी लगेगी।प्रदर्शनी का प्रारम्भ 15 मार्च नमामि गंगे राज्य परियोजना प्रबंधन ग्रुप देहरादून उत्तराखंड एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित पेन्टिंग प्रतियोगिता व कार्यशाला शीर्षक जल संरक्षण एवं नदियों का पुनरूद्धार के साथ होगा।इस तीन दिवसीय चित्रकला कार्यशाला व प्रतियोगिता जिसका शुभारम्भ 15 मार्च से होगा,इसमें दृश्यकला एवं चित्रकला विभाग के छात्र/छात्राओं सहित प्रदेश व देश के विभिन्न स्थानों से आए युवा चित्रकार प्रतिभाग करेंगें एवं जल संरक्षण एवं नदियों का पुनरूद्धार विषय पर अपनी भावाभिव्यक्ति चित्रों के माध्यम से करेंगें।प्रदर्शनी,कार्यशाला व प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में मुख्य संरक्षक प्रो एन एस भण्डारी कुलपति सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा,मुख्य अतिथि के रूप में नितिन भदौरिया जिलाधिकारी अल्मोड़ा,प्रो नीरज तिवारी परिसर निदेशक अल्मोड़ा एवं नमामि गंगे विवि कार्यक्रम संयोजक डा ममता असवाल,प्रो जया उप्रेती अधिष्ठाता छात्र कल्याण,प्रो अनिल यादव कुलानुशासक सहित अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगें।15 मार्च 2021 से होने वाली इस कार्यशाला में बने चित्रों का प्रदर्शन भी दर्शकों के अवलोकनार्थ उक्त प्रदर्शनी में किया जाएगा।प्रदर्शनी में लगे चित्रों के माध्यम से युवा कलाकारों एवं दर्शकों को अपनी संस्कृति, प्राचीनकला,लोककला,जीवन में जल का महत्व आदि वर्तमान में अति प्रासंगिक विषयों को जानने,समझने और जुड़ने का सुअवसर प्राप्त होगा।इस दस दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य आज के युवाओं को अपनी कला,संस्कृति एवं कलात्मक धरोहरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इसके संरक्षण,संम्वर्धन की दिशा में प्रेरित करना है।