अल्मोड़ा-अल्मोड़ा दुग्ध संघ के कर्मचारियों ने प्रधान प्रबंधक को बदले जाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए शनिवार को निर्देशक डेयरी विकास, जिलाधिकारी,प्रबंध निदेशक तथा उपनिदेशक डेयरी विकास को ज्ञापन भेजा।कर्मचारियों ने दुग्ध संघ कार्यालय परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन कर प्रबंधकीय हस्तक्षेप और बार-बार हो रहे तबादलों पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों का कहना है कि दुग्ध संघ की व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशें लंबे समय से हो रही हैं।दो से तीन माह के अंतराल में प्रधान प्रबंधक बदलने की प्रक्रिया संस्थान के कामकाज को प्रभावित कर रही है।वर्तमान प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी ने मात्र दो माह पहले कार्यभार ग्रहण किया है,ऐसे में उनका स्थानांतरण कर्मचारियों को अस्वीकार्य है।कर्मचारियों ने कहा कि पुष्कर सिंह नगरकोटी पूरी मेहनत,ईमानदारी और टीमवर्क से संघ के कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि बीते दो वर्षों में संघ में चार प्रधान प्रबंधकों राजेश मेहता,गंगा शरण राणा,हरीश सिंह और अब पुष्कर सिंह नगरकोटी का अल्प अवधि में स्थानांतरण किया गया है, जिससे संस्थान की छवि और कार्य प्रणाली दोनों प्रभावित हुई हैं।कर्मचारियों ने मांग की कि संघ को दीर्घकालीन प्रधान प्रबंधक की आवश्यकता है,ताकि कार्य व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ सके। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि वर्तमान प्रधान प्रबंधक का स्थानांतरण किया गया तो सभी कर्मचारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे और संघ का कार्य बाधित होगा।कर्मचारियों ने कहा कि बार-बार परिवर्तन से वे स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन में राजेंद्र सिंह लटवाल,सुरेश बेलवाल,के सी तिवारी,रमेश लोहानी,प्रेम सिंह, पुष्पा तिवारी,पुष्पा नेगी,कौसर खान,साधना नयाल और बलवंत सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
