अल्मोड़ा-डूबकिया वार्ड में आज पार्षद अंजू बिष्ट के नेतृत्व में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों की टीम भी मौके पर मौजूद रही और वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय समस्याओं को चिन्हित करते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी,राजपाल पवार, सफाई नायक दीपक चंदेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।टीम ने वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति,सड़क मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि वार्ड की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।उन्होंने बताया कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।नियमित सफाई और निगरानी के चलते कई क्षेत्रों में सुधार देखने को मिला,जिससे स्थानीय लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया।स्थानीय प्रतिनिधियों में राजेंद्र कुमार जोशी,जय वर्धन भट्ट और राकेश बिष्ट भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।उन्होंने वार्ड की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वार्ड में जल निकासी,सड़क मरम्मत,कूड़ा निस्तारण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।साथ ही सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।निरीक्षण के अंत में पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि वार्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और जनता के सहयोग से डूबकिया को एक स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वार्ड बनाया जाएगा।उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।इस निरीक्षण अभियान से वार्ड में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों को उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में डूबकिया वार्ड की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
