अल्मोड़ा-आज जारी एक बयान में अल्मोड़ा कांंग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दोपहर 2 बजे तक ही बाजार खोलने का जो फैसला लिया है वह पूरी तरह से अव्यवहारिक है तथा सरकार के इस फैसले से व्यवसाईयों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।श्री रौतेला ने कहा कि कच्चे माल के दुकानदारों,होटल और रेस्टोरेंट स्वामियों को दोपहर 2 बजे तक बाजार खुलने से बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इसके साथ ही अन्य सभी व्यवसाईयों की भी फजीहत हो रही है।श्री रौतेला ने कहा कि दुकानदार प्रातः 10 बजे अपनी दुकान खोलते हैं तथा दुकान लगाने में ही सभी व्यवसाईयों को तकरीबन एक घण्टे का समय लगता है।इसी तरह दुकान बन्द करने,सामान सम्हालने में भी तकरीबन एक घण्टे का समय लगता है।ऐसे में दोपहर 2 बजे बाजार बन्द होने के फरमान से व्यापारियों की लगातार फजीहत हो रही है।श्री रौतेला ने कहा कि प्रदेश सरकार बाजार बन्द होने का समय सायं 5 बजे तक करे जिससे की व्यापारियों की फजीहत ना हो।श्री रौतेला ने साथ ही यह भी कहा कि रविवार के दिन फड़ व्यवसायी अपनी दुकान लगाकर अपनी आजीविका चलाते थे।पर रविवार को कर्फ्यू के कारण उन गरीब फड़ व्यवसाईयों के सामने आजीविका चलाने की समस्या उत्पन्न हो गयी है क्योंकि ये फड़ व्यवसायी हफ्ते में केवल एक दिन फड़ लगाते थे।श्री रौतेला ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन फड़ व्यवसाईयों के हित में भी सरकार कुछ सोचे ताकि इनकी आजीविका भी चलती रहे।
