अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत होटल हिमसागर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।यह प्रशिक्षण मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में एनआरएलएम द्वारा गठित एवं ग्रामोत्थान (रीप) द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों में नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया था।प्रशिक्षण के दूसरे दिन मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्मिक पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा दें। उन्होंने समूह आधारित कार्यों को सुदृढ़ करते हुए महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि एवं सामाजिक स्तर को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वरोजगार के अवसरों की पहचान,उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार तथा बाजार से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के तरीकों पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में ग्राम विकास विभाग के अधिकारी,जिला स्तरीय परियोजना कार्मिक, विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधि तथा सेल्स एवं यंग प्रोफेशनल्स सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण के सफल संचालन हेतु सभी के सहयोग की सराहना की गई।





