अल्मोड़ा-पीएमश्री जीबी पंत राजकीय इण्टर कॉलेज खूंट का प्रथम वार्षिकोत्सव ‘स्वस्त्ययनम्’ धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें नंदा राजजात यात्रा मुख्य आकर्षण रही। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि उत्तराखंडी झोड़ा नृत्य और फैंसी ड्रैस शो को खूब सराहा गया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। प्रधानाचार्य अरविंद बिष्ट ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि पी.एम. श्री. योजना के तहत विद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है। नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यालय में बैग-लेस डे, समर कैंप, साइंस-मैथ सर्कल, इको क्लब, ग्रीन स्कूल क्लब आदि की शुरुआत की गई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एनएमएमएस छात्रवृत्ति में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए शिक्षकों को छात्रों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन दीपक रौतेला, प्रांजलि भट्ट, वर्षा बिष्ट, हर्षिता पांडे ने किया। इस अवसर पर अनिल पांडे, अनिल ओझा, संजय कोहली, शोभा नगरकोटी, भास्कर तिवारी, एसएमसी अध्यक्ष विक्रम सिंह, पीटीए अध्यक्ष सुंदर भोज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *