जागेश्वर-आज जागेश्वर विधानसभा के धौलादेवी विकास खंड में घुरकना में प्रधान श्रीमती प्रियंका आर्या की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जागेश्वर विधानसभा के विधायक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल की गरिमामय उपस्थिति रही। बैठक में उपस्थित ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि श्री कुंजवाल का फूल मालाओं से स्वागत किया तथा साथ में आये हुए कांग्रेस पदाधिकारियों का भी स्वागत किया।बैठक में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं से स्थानीय विधायक को अवगत करवाया।जिसमें मुख्यतः मोटर रोड एवं पेयजल की समस्या मुख्य रही।बैठक को सम्बोधित करते हुए विधायक ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया और कहा कि आप सभी ने सदा-सर्वदा कांग्रेस की मजबूती के लिए एकजुट होकर अपना आशीर्वाद दिया है।जिसके लिए वे सदा सभी के आभारी रहेंगे।उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकार हमेशा गरीब विरोधी रही है।उसने पूंजीपतियों अडानी,अंबानी का अरबों रुपए का कर्ज माफ किया लेकिन एक गरीब का एक रुपया कर्ज माफ करने का काम नहीं किया।दूसरी तरफ कांग्रेस की हरीश रावत सरकार ने परिवार के दोनों वृद्धों की पेंशन लगाई थी।उसमें से एक की पेंशन काट कर भाजपा ने अपने गरीब विरोधी चेहरे को उजागर कर दिया।यदि इतना पैसा उत्तराखंड के विकास के लिए मिलता तो आज प्रदेश की कायाकल्प हो जाती।भाजपा की कथनी-करनी में बहुत फर्क है।इनके इसी मकड़जाल में देश व प्रदेश की जनता फंस गई जिससे इनको सत्ता हासिल हो गई लेकिन आज इनकी गलत नीतियों का खामियाजा देश व प्रदेश की गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है।महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है,प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़ गये है दूसरी तरफ प्रदेश की भाजपा सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।प्रदेश के चार साल इस सरकार ने अपनी नाकामियों की भेंट चढ़ा दिये।आज अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए मात्र तीन माह के भीतर तीन मुख्यमंत्रियों का भार इस प्रदेश को देने का काम किया है।चुनाव नजदीक आते देख अब इनकी नींद खुलने लग गई है।अब प्रदेश की जनता को अपने लोकलुभावन बातों के जाल में फंसाने का काम करने लग गए हैं। साढ़े चार साल में जो प्रदेश का विकास,युवाओं को रोजगार नहीं दे सकें वो छः महीने में बड़े बड़े वादे पूरे करने के सपने दिखा रहे हैं।उन्होंने कहा कि हम सब को इस प्रकार की राजनीति करने वालों से सावधान रहने की आवश्यकता है।देश व प्रदेश का विकास करने में केवल कांग्रेस ही सक्षम है।उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि वे सब एकजुट होकर कांग्रेस की मजबूती के लिए जुट जावें ताकि प्रदेश के अवरूद्ध विकास व युवाओं का सुरक्षित भविष्य को साकार किया जा सके।विधायक कुंजवाल ने मोटर मार्ग का कार्य दो महीने के भीतर शुरू करवाने की बात कही।उन्होंने कहा कि यदि उक्त अवधि में कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो गांव वालों के साथ अनशन पर बैठने को बाध्य होंगे।उन्होंने विकास कार्य के लिए विधायक निधि से धनराशि देने की भी घोषणा भी की।बैठक को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पीताम्बर पांडे,ब्लाक अध्यक्ष पूरन बिष्ट,सोशियल मीडिया अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट,ब्लाक अध्यक्ष महिला कांग्रेस श्रीमती गीता बिष्ट,न्याय पंचायत अध्यक्ष राजन बिष्ट,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश प्रसाद,रोहित कुमार आदि ने संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को विकास विरोधी, युवा विरोधी करार दिया तथा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार पूर्वक जिक्र करते हुए इस प्रदेश में काबिज भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।बैठक में प्रधान प्रतिनिधि गुरुडा विशन सिंह,पूर्व प्रधान काना गोपाल सिंह,जिला उपाध्यक्ष कमल बिष्ट, जिला संगठन मंत्री कुंदन गैड़ा,प्रधान नाटाडोल प्रकाश पाण्डेय,चंदन बोरा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व मातृशक्ति सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।उपस्थित लोगों ने कुंजवाल जी को एकमुश्त मत देने का संकल्प भी लिया।