अल्मोडा-प्रेस को जारी एक बयान में देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार ने कहा कि यह देखा जा रहा है कि कतिपय संगठनों,राजनैतिक दलों के व्यक्तियों द्वारा पलिका कार्यालय में प्रदर्शन/धरना आदि किये जाने के कारण आम जनमानस को असुविधा का सामना करना पड़ता है।दिनांक 23-08-2024 को व्यापार मण्डल अल्मोड़ा के पदाधिकारियों द्वारा भी नगर में महिला शौचालय की माँग को लेकर पालिका कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया। जबकि पालिका स्तर से सीमित संशाधनों के होने के बाद भी शौचालय बनाये जाने के प्रयास किये जा रहे है।पालिका कार्यालय में धरना प्रदर्शन किये जाने पर देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ द्वारा काफी नाराजगी जताई गयी है तथा भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर संघ द्वारा आन्दोलन की चेतावनी दी गयी है। देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार द्वारा बताया गया कि पर्यावरण मित्रों द्वारा रोज नियमित रूप में नगर के शौचालयों/मूत्रालयों की सफाई कर उनमें कीट नाशक दवाओं का छिड़काव किया जाता है तथा नगर को स्वच्छ एवं साफ बनाये रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। नगर पालिका परिषद अल्मोड़ा शहर में शौचालयों के निर्माण हेतु हमेशा प्रयासरत रहीं है तथा शहर में शौचालयों हेतु उचित स्थान की उपलब्धता होने पर नगर में शौचालयों का निर्माण भी किया जा रहा है।पालिका द्वारा नगर में बनाये गये कुछ शौचालयों को नगर के कतिपय लोगों द्वारा उस स्थान से हटवाये जाने हेतु भी प्रयास किये जाते हैं तथा नगर में बने कुछ शौचालयों को अपने स्वार्थ पूर्ति हेतु तत्वों द्वारा तोड़ दिया जाता है जिससे पालिका को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। जबकि पालिका द्वारा जगह चिन्हित करने हेतु व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों से भी सहयोग की अपेक्षा पूर्व से ही की जाती रही है तथा पालिका द्वारा महिला शौचालय बनाने हेतु कई बार प्रयास भी किये जा चुके हैं।किन्तु नगर के नागरिकों व व्यवसायियों द्वारा शौचालय हेतु चिन्हित जगहों का विरोध भी किया जाता है।देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार द्वारा बताया गया कि यदि भविष्य में किसी भी संगठन के द्वारा पालिका कार्यालय में आकर जबरन दबाव बनाकर अनावश्यक रूप से कार्य करवाने हेतु धरना प्रदर्शन कर पालिका कार्यों में व्यवधान उत्पन्न किये जाने की कोशिश की जायेगी तो देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ इसका पुरजोर विरोध करेगा।
